लवी मेले के ऐतिहासिक मंच से पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का समापन समारोह शनिवार को पारंपरिक उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जनशिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
समापन समारोह में सरस्वती स्वर संगम धर्मशाला, शुभम कला मंच नादौन (हमीरपुर), उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी) के माध्यम से पहुंचे राजस्थान के लोक कलाकारों तथा झंकार म्यूजिकल ग्रुप सोलन के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां समारोह का विशेष आकर्षण रहीं।
अपने संबोधन में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने रामपुर के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय नंद लाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नंद लाल का निधन केवल एक व्यक्ति का बिछुड़ना नहीं, बल्कि रामपुर की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अवसान है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नंद लाल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में रामपुर क्षेत्र की जनता के बीच विशेष पहचान बनाई थी। जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राजनीति में पद और प्रतिष्ठा समय के साथ बदलते रहते हैं, लेकिन जनता के दिलों में बनाई गई जगह हमेशा कायम रहती है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति दुनिया से विदा हो जाता है, लेकिन उसके कार्य, विचार और स्मृतियां सदैव जीवित रहती हैं। लवी मेले के इस ऐतिहासिक मंच से वह स्वर्गीय नंद लाल को नमन करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राजस्व मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मेला बुशहर रियासत की समृद्ध विरासत, पारंपरिक व्यापारिक संबंधों और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। इसका इतिहास भारत और तिब्बत के बीच सदियों पुराने पारंपरिक व्यापारिक संबंधों से जुड़ा हुआ है। प्राचीन समय में यह मेला ऊन, पश्मीना, नमक, सूखे मेवे तथा अन्य वस्तुओं के पारंपरिक व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा है। समय के साथ इस मेले ने अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की और आज यह हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यापार, हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है।

उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए वन अधिकार अधिनियम (एफआरए)-2006 के प्रावधानों और इसके अंतर्गत लोगों को मिलने वाले अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक पहचान को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान आयोजित विभागीय प्रदर्शनियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित किया। विभागीय प्रदर्शनी में ‘लवी इतिहास के झरोखे’ को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि पशुपालन एवं कृषि विभाग को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा बागवानी एवं वन विभाग को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। इसके अतिरिक्त हस्तशिल्प, हथकरघा एवं कलाकृतियों की प्रदर्शनियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5,100, 3,100 और 2,100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

राजस्व मंत्री ने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों एवं पारंपरिक कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा फूड फेड के स्टॉल का भी दौरा किया और उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
समापन समारोह में कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन देवेंद्र श्याम, मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, हिमकॉन के चेयरमैन विकेश चौहान (गिन्नी), एचपीएमसी के चेयरमैन देवानंद वर्मा, उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं मेला समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










