file_0000000034e482078c2661b357b797a7
previous arrow
next arrow
1009758965
previous arrow
next arrow

4 साल गारंटियां भूली सुक्खू सरकार, अब चुनावी वर्ष में फिर छलावा, प्रदेश के 18 लाख परिवार CM का सुखी परिवार क्यों नहीं?- जयराम ठाकुर

IMG_20261107_092748
previous arrow
next arrow

300 यूनिट बिजली का वादा अधूरा, 125 यूनिट की राहत भी छीनी

एप्पल न्यूज़, शिमला

भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले नुक्कड़-नुक्कड़ जाकर झूठी गारंटियां देकर जनसमर्थन हासिल किया। अब सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, किसी को गारंटी याद नहीं आई। अब जब पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव में जब कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ हुआ तो चुनावी वर्ष नजदीक आते ही मुख्यमंत्री को फिर माताओं-बहनों और अपनी घोषणाओं की याद आने लगी है। साथ ही उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में 18 लाख परिवार हैं तो सुखी परिवार का हिस्सा गिने चुने परिवार क्यों? क्या मुख्यमंत्री बाकियों को अपना परिवार ही नहीं मानते।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 18 से 59 वर्ष की सभी महिलाओं को पहली कैबिनेट से ₹1,500 प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। उस समय किसी पात्रता या आय सीमा का उल्लेख नहीं किया गया था। प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं। 48 महीनों के हिसाब से प्रत्येक महिला के ₹72,000 बनते हैं और कुल राशि लगभग 20 हज़ार करोड़ होती है। लेकिन अब सरकार ने मात्र 3.50 लाख पात्र महिलाओं के लिए घोषणा की है।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री बताएं कि बाकी 24.50 लाख महिलाओं का क्या कसूर है? पहले सभी महिलाओं को गारंटी दी और अब दस से अधिक शर्तें लगाकर अधिकांश को बाहर कर दिया। यदि गारंटी पूरी नहीं कर सकते तो प्रदेश की माताओं-बहनों से माफी मांगें।”

जयराम ठाकुर ने कहा कि 3.50 लाख महिलाओं को भी सालाना ₹1,500 प्रतिमाह देने के लिए लगभग ₹630 करोड़ चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चालू बजट में इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है। प्रदेश का सामाजिक सुरक्षा, एससी/एसटी/ओबीसी माइनॉरिटी वेलफेयर का कुल बजट ही 604 करोड़ है। सुक्खू सरकार ने सामाजिक कल्याण के बजट में गत वर्ष के मुक़ाबले 62 फ़ीसदी की कमी की है। सरकार को यह बताना चाहिए कि भुगतान किस मद से होगा।

300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सामान्य परिवारों की खपत का आकलन करके 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा शुरू की थी। कांग्रेस ने चुनाव में 300 यूनिट मुफ्त देने का वादा किया, लेकिन चार वर्षों में उसे पूरा नहीं किया। उलटे 125 यूनिट की राहत में भी पात्रता संबंधी बदलाव किए गए। अब सीमित परिवारों के लिए 300 यूनिट की घोषणा करके पूरी गारंटी लागू होने का दावा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख से अधिक परिवार हैं। कांग्रेस ने बिजली की गारंटी सभी परिवारों के लिए घोषित की थी, फिर अब पात्रता सीमित क्यों की जा रही है?

जयराम ठाकुर ने पांच लाख रोजगार, पहले वर्ष में एक लाख नौकरियों, दूध खरीद और गोबर खरीद की गारंटियों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूध उत्पादकों को चार से छह महीने तक भुगतान नहीं मिल रहा और सप्ताह में केवल पांच दिन दूध खरीदने के निर्देशों से पशुपालक परेशान हैं। अधिकतर किसानों को 49 रुपए से अधिक दूध के दाम ही नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के भीतर भी असंतोष सामने आ रहा है। एक विधायक द्वारा मंत्री पद के लिए 11 दिसंबर की समयसीमा देने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने विधायकों से किए वादों को लेकर भी सवालों के घेरे में हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा भ्रष्टाचार के आरोपों, सरकारी संपत्तियों के निजी संचालन, बढ़ते नशे, कानून व्यवस्था और बदहाल सड़कों के मुद्दे उठाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की अनेक सड़कों की हालत खराब है और जनता को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा, “चार साल तक गारंटियां अधूरी रखने वाली सरकार अब अंतिम वर्ष में नई घोषणाओं के सहारे जनता का विश्वास हासिल करना चाहती है। लेकिन हिमाचल की जनता घोषणाओं और वास्तविक उपलब्धियों के बीच का अंतर समझ चुकी है।”

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News