राजीव भवन शिमला में आयोजित आम सभा एवं राज्य स्तरीय सम्मेलन में लिया गया निर्णय, एक माह में नई कार्यकारिणी गठित करने की जिम्मेदारी सौंपी
एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) की कार्यकारिणी बैठक के बाद शनिवार को राजीव भवन शिमला में आम सभा एवं राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह को सर्वसम्मति से दोबारा हिमाचल प्रदेश INTUC का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। साथ ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष को एक माह के भीतर प्रदेश की नई कार्यकारिणी गठित करने के लिए अधिकृत किया गया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय INTUC सचिव संजय गाबा, राष्ट्रीय संगठन सचिव, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश महासचिव कॉमरेड जगत राम शर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान INTUC उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी, महासचिव बीएस चौहान, सोहन वर्मा, पूरन चंद, सचिव प्रेम लाल भाटिया और संजय सैनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बिहारी सेवगी ने देश के मजदूर आंदोलन के गौरवशाली इतिहास और मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के मजदूर नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए श्रमिकों के संवैधानिक, कानूनी, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों की रक्षा करें।

सम्मेलन में प्रदेशभर में INTUC संगठन को मजबूत बनाने तथा असंगठित क्षेत्र, औद्योगिक इकाइयों, ठेका मजदूरों और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने संगठन का विस्तार प्रदेश के हर क्षेत्र तक करने और अधिक से अधिक श्रमिकों को इसके साथ जोड़ने पर जोर दिया।
पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद बावा हरदीप सिंह ने कहा कि INTUC का प्राथमिक लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन के बैनर तले एकजुट करना होगा। संगठन जमीनी स्तर पर अपनी गतिविधियों को मजबूत करेगा और श्रमिकों की समस्याओं एवं मांगों को सरकार तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले वैधानिक लाभ और रोजगार सुरक्षा दिलाने के लिए INTUC संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष भी उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने श्रम कानूनों को उनकी वास्तविक भावना के अनुरूप लागू करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय INTUC सचिव संजय गाबा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसमें ऐप आधारित एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले गिग वर्कर्स को न्यूनतम वेतन और वैधानिक लाभ उपलब्ध करवाने का विषय भी शामिल रहा।
राष्ट्रीय INTUC सचिव संजय गाबा ने कहा कि संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी नई श्रम संहिताओं का विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 44 मौजूदा श्रम कानूनों को समाप्त कर नई श्रम संहिताएं लागू करने से मजदूरों के कई अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। INTUC की मांग है कि इन संहिताओं में मजदूर हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन किए जाएं।
उन्होंने कहा कि संगठन राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश INTUC को संगठनात्मक मजबूती प्रदान करने और श्रमिकों की मांगों को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया।
सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधियों ने सामाजिक न्याय, उचित वेतन, रोजगार सुरक्षा और श्रमिकों को वैधानिक सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध करवाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सभी प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर बावा हरदीप सिंह को पुनः प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किया और उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने का भरोसा जताया।











