38 सवारियों की जान बचाने वाले बस चालक की पत्नी को हिमाचल सरकार ने दी नौकरी, HRTC के MD ने खुद घर जाकर सौंपा नियुक्ति पत्र

एप्पल न्यूज़, मंडी

मंडी जिले के पंडोह में 4 अप्रैल को हुए एचआरटीसी बस हादसे में अपने प्राणों की आहुति देकर 38 सवारियों की जान बचाने वाले बस चालक 33 वर्षीय स्वर्गीय नंद किशोर की धर्मपत्नी चिंता देवी को हिमाचल सरकार ने रिकॉर्ड समय में नौकरी देकर ‘गुड गवर्नेंस’ का उत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया है।

चिंता देवी को उनकी पात्रता के अनुरूप निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्त किया गया है। एचआरटीसी के प्रबंधक निदेशक संदीप कुमार सोमवार ने खुद कोटली उपमंडल के ढंडाल गांव में उनके घर जाकर चिंता देवी को नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्हें नजदीकी कोटली बस स्टैंड में तैनाती दी गई है।

रिकॉर्ड समय में पूरी की प्रक्रिया

यह अपने आप में अभूतपूर्व है कि एचआरटीसी प्रबंधन ने रिकॉर्ड समय में चिंता देवी को नौकरी देने से जुड़ी सारी प्रक्रिया को पूरा किया है। संदीप कुमार ने बताया कि शिमला मुख्यालय में दस्तावेज प्राप्त होते ही महज एक दिन में प्रक्रिया को पूरा किया गया । 8 अप्रैल प्रातः दस्तावेज शिमला कार्यालय पहुंचे थे, दिन में सारी प्रक्रिया पूर्ण कर उसी सायं नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया। पूरा एचआरटीसी परिवार इस दुख में नंद किशोर के परिवार के साथ है, और इसी नाते वे नंद किशोर के परिजनों से मिलने और चिंता देवी को नियुक्ति पत्र सौंपने उनके घर आए थे।
बता दें, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 4 अप्रैल को जोनल अस्पताल मंडी का दौरा कर नंद किशोर के परिवार के सदस्यों से मिल कर अपना दुख जताया था और उनके परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता और पात्रता के अनुरूप नौकरी देने का भरोसा दिलाया था। वहीं परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया को शीघ्रातिशीघ्र करने के निर्देश दिए थे।

एचआरटीसी ने दिए 2.05 लाख

संदीप कुमार ने बताया कि एचआरटीसी ने 1.25 लाख रुपये सहायता राशि के रूप में नंद किशोर के परिवार को दिए हैं। वहीं, एचआरटीसी परिवार ने विशेषकर चालकों व परिचालकों ने योगदान देकर 55 हजार रुपये उनके परिवार सौंपे हैं। वहीं 25 हजार रुपये परिवहन मंत्री ने अपनी ओर प्रभावित परिवार को दिए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से भी सहायता राशि दी गई है।

पीजीआई में चल रहा बस कंडक्टर निशांत का ईलाज, निगम रख रहा पूरा ध्यान

प्रबंधक निदेशक ने बताया कि हादसे में घायल बस कंडक्टर निशांत का पीजीआई चण्डीगढ़ में ईलाज चल रहा है । प्रदेश सरकार तथा पथ परिवहन निगम उनका पूरा ध्यान रख रहा है। उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है । परिवहन निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने 55 हजार रुपये की राशि परिचालक के ईलाज के लिए मुहैया कराई है । चंडीगढ़ में पथ परिवहन निगम के स्टाफ को प्रभावित परिवार को जब भी कोई किसी भी प्रकार की जरूरत हो तो उन्हें तुरन्त सहायता मुहैया करवाने के आदेश दिए गए हैं ।

संदीप कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह एचआरटीसी के ट्रैफिक मैनेजर ने खुद पीजीआई चंडीगढ़ जाकर घायल निशांत का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने निशांत की मां से भी मुलाकात की और उन्हें निगम की ओर से 20,000 रुपये सौंपे। इससे पहले भी विभाग की ओर से 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। आगे भी जिस भी प्रकार की सहायता की जरूरत होगी निगम पूरी तरह से मदद के लिए साथ है।

Share from A4appleNews:

Next Post

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता

Tue Apr 12 , 2022
एप्पल न्यूज़, शिमला मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 15 अप्रैल, 2022 को चम्बा जिला मुख्यालय स्थित चौगान में राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेेंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और वन मंत्री राकेश पठानिया भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे।जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह […]

You May Like

Breaking News