एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
जिला स्तरीय देवता साहिब लक्ष्मी नारायण नोगली मेला के प्रबन्धों को लेकर आज परिधि गृह रामपुर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश राज्य वित्तायोग एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
उन्होंने सभी प्रबन्धों का समय रहते तैयारियां पूर्ण करने के लिए उप-मण्डल प्रशासन रामपुर को निर्देश दिये ताकि मेले का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके, उन्होने कहा कि मेले और त्योहार हमारे सामाजिक जीवन के अभिन्न अंग है इसे संजोए रखना आवश्यक है।
उन्होने जिला स्तरीय देवता साहिब लक्ष्मी नारायण नोगली मेले का शुभारम्भ व समापन के मुख्य अतिथि का निर्णय बाद में लेने के लिए कहा ।

मेले के आयोजन को लेकर बैठक में उप मण्डलाधिकारी नागरिक रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले वर्षो की तरह ही इस वर्ष भी जिला स्तरीय नोगली मेला रामपुर के नोगली में देवी-देवाताओं के स्वागत के साथ 26 जून को आरम्भ होगा और 28 जून विदाई के साथ समापन होगा । बैठक में देवी देवताओं का स्वागत, उनके व साथ आए देवलूओं को ठहरने के लिए कमरे उपलब्ध करवाने, मेले के दौरान अतिरिक्त बसों की व्वस्वथा करने, बिजली,पानी, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात व सफाई व्यवस्था प्रबन्ध करने बारे विस्तृत चर्चा की गई ।
बैठक में सबसे अहम मद् मेले के खर्चे का प्रावधान करने बारे विस्तृत चर्चा की गई कि मेले के आयोजन के लिए बजट का प्रावधान कैसे किया जाए ताकि मेले का सफल आयोजन किया जा सके ।
उप मण्डल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी राजेन्द्र नेगी, तहसीलदार परीक्षित कुमार, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण शक्ति सिंह, जल शक्ति रसबीर नेगी, विद्युत कुकू शर्मा, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद बी.आर. नेगी, क्षेत्रीय प्रबन्धक हिमाचल परिवहन अतुल गुप्ता, अग्नि शमन अधिकारी हरीश कुमार व प्रधान मेला प्रबन्धक समिति नोगली इस अवसर पर उपस्थित रहे ।







