एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर की कुशवा पंचायत के 15/20 नोनू क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 3 बजे बादल फटने की घटना सामने आई है। इस प्राकृतिक आपदा में तीन परिवारों के आशियानों को भारी नुकसान हुआ है।
प्रभावित घर चरण दास, सुरजीत और राजीव कुमार के बताए जा रहे हैं, जिनके मकानों में मलबा घुस गया और ढांचागत क्षति हुई है।
घटना के दौरान क्षेत्र में तेज बारिश के साथ अचानक भारी मात्रा में पानी और मलबा बह निकला, जिससे पास के खेतों और बगीचों में तबाही मच गई।

खासतौर पर सेब के बागानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। अनुमान के अनुसार, सैकड़ों फलदार सेब के पेड़ बह गए या क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। ग्रामीणों ने शासन से शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है।
यह क्षेत्र पहले भी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित रहा है, लेकिन इस बार सेब के मौसम के बीच हुई इस आपदा से किसानों को गहरा आर्थिक झटका लगा है।






