दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन ऐतिहासिक- विनय कुमार

बोले- भाजपा की उल्टी गिनती शुरू, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटना पड़ेगा
एप्पल न्यूज़, शिमला

। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में नई दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि देश में अब भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मिलीभगत से देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर किया है। ऐसे में ज्ञानेश कुमार को अपने पद से हटना ही पड़ेगा।
विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आयोजित विरोध प्रदर्शन में भाग लेकर यह साबित कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की वोट चोरी की कोई भी कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस बेहद मजबूत स्थिति में है और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि देश में अब भाजपा के कथित वोट चोरी के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह उत्साह और जोश आगे भी बरकरार रहना चाहिए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रदेश में भाजपा के कथित कारनामों को जनता के सामने उजागर करें और चुनाव आयोग की कथित मिलीभगत से हुई वोट चोरी के आरोपों के बारे में लोगों को जागरूक करें।
विनय कुमार ने पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरी मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News