IMG_20260124_200231
previous arrow
next arrow

राज्यसभा सांसद के लिए राहुल गांधी ने चुना कांग्रेस का “आम कार्यकर्ता”, अब संसद में अनुराग से “टकराएंगे” अनुराग-मुख्यमंत्री

IMG_20251207_105330
previous arrow
next arrow

आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर होगा विचार- सीएम
राज्यसभा के लिए निर्वाचित अनुराग शर्मा को राजीव भवन में किया सम्मानित

एप्पल न्यूज़, शिमला

कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यालय राजीव भवन, शिमला में कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और खुशी का दिन है, क्योंकि संगठन से निकला एक कार्यकर्ता राज्यसभा सांसद बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा सांसद के चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश से चार जिला अध्यक्षों के नाम मांगे थे, जिनमें से वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अनुराग शर्मा का चयन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग राज्यसभा चुनाव को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस के किसी नेता में कोई नाराजगी नहीं है।

यही कारण है कि अनुराग शर्मा निर्विरोध सांसद निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब संसद में भाजपा के अनुराग से कांग्रेस के अनुराग ही टकराएंगे और वह मजबूती से जवाब देने में सक्षम हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने एक आम कार्यकर्ता को राज्यसभा का टिकट देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी आम कार्यकर्ताओं, एनएसयूआई और कांग्रेस संगठन से निकले कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार जनता से जुड़ी योजनाएं लेकर आगे बढ़ रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रदेश में सीबीएसई आधारित 150 स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें पिछड़े क्षेत्रों में भी शुरू किया जा रहा है।

इन स्कूलों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल भी स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगले 5-6 वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का पूरा ढांचा बदलने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। एम्स दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक तकनीक प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में एक वर्ष के भीतर उपलब्ध करवाई जाएगी।

प्रदेश के अस्पतालों में हाई-एंड मशीनें स्थापित की जा रही हैं ताकि मरीजों को राज्य के भीतर ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत लोग गांवों में रहते हैं और राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है, जिससे लोगों के हाथ में पैसा पहुंच रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार को आरडीजी के रूप में 54 हजार करोड़ रुपये तथा जीएसटी कंपनसेशन के रूप में 16 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जबकि वर्तमान सरकार को आरडीजी के रूप में केवल 17 हजार करोड़ रुपये मिले हैं, जो चार गुना कम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने वित्तीय कुप्रबंधन किया और प्रदेश का खजाना खाली कर दिया, जबकि वर्तमान सरकार किसानों को उनके उत्पादों पर एमएसपी दे रही है, अनाथ बच्चों की देखभाल कर रही है तथा बागवानों, मजदूरों और महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी हुई और न ही आरडीजी के रूप में प्रदेश के लोगों को मिलने वाले अधिकार का समर्थन किया।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता को सांसद बनाकर दिल्ली भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि अब अनुराग शर्मा के सामने जिम्मेदारियां और चुनौतियां शुरू हुई हैं और उन्हें दिल्ली में हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।
उन्होंने कहा कि पिछली बार ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत नौ विधायकों ने कांग्रेस का साथ छोड़ा था, लेकिन कांग्रेस विधायकों ने एकजुट होकर उस प्रयास को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।

कांग्रेस के 40 निष्ठावान विधायकों ने यह साबित किया कि वे पूरी मजबूती से राज्य सरकार के साथ खड़े हैं और सरकार पर किसी प्रकार की आंच नहीं आने देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग राज्यसभा चुनाव में फिर से इतिहास रचने की बात कर रहे थे, वे विधानसभा परिसर में नामांकन पत्र दाखिल करने तक नहीं पहुंचे।

उन्होंने एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर आरोप लगाया कि वे प्रदेश का बजट रुकवाने के प्रयास करते हैं, जबकि राज्य सरकार तमाम आर्थिक चुनौतियों का सामना करते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है।
नवनिर्वाचित सांसद अनुराग शर्मा ने अपने भावुक संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक ऐसे कार्यकर्ता को अवसर दिया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

उन्होंने कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश गया है और उनका मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद चुना जाना उनके लिए गर्व की बात है और वे प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर सरकार बनाएगी और कांगड़ा जिला की सभी 15 सीटें कांग्रेस के खाते में जाएंगी।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और अनुराग शर्मा को सम्मानित किया।
समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, विधायक, पूर्व विधायक, विभिन्न बोर्ड व निगम के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, विभिन्न जिलों के पार्टी अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News