एप्पल न्यूज़, मंडी
मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिया (19), पुत्री जोगिंदर सिंह, रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जब वह नैण गांव के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया।

इसके बाद आरोपियों ने तेजधार हथियार से छात्रा पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना घातक था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे, लेकिन आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घेराबंदी कर घटना स्थल से कुछ ही किलोमीटर दूर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या के बाद गोपालपुर और सरकाघाट क्षेत्र में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। मृतक छात्रा नैण गांव की निवासी थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।





