एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। प्रदेश की 1276 ग्राम पंचायतों में करीब 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से मतदान करवाया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला कुल्लू में सबसे अधिक करीब 86 फीसदी मतदान हुआ, जबकि सिरमौर में लगभग 85 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। वहीं, लाहुल-स्पीति में सबसे कम करीब 69 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया।

इस बार भी महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदेश के नौ जिलों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा। जिला कुल्लू में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही, जहां करीब 86 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आयोग ने इसे महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण का सकारात्मक संकेत बताया है।
सबसे अधिक मतदान जिला सोलन के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढेला में दर्ज किया गया, जहां करीब 96 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।
प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना कई पंचायतों में देर रात तक जारी रही। वहीं 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना 31 मई 2026 को होगी और उसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस कर्मियों और मतदाताओं का आभार जताया।
जिला-वार मतदान प्रतिशत के अनुसार पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सबसे अधिक मतदान कुल्लू जिला में 86 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान लाहौल-स्पीति में 69 प्रतिशत रहा।
कुल मतदाता: 17,28,398
कुल मतदान: 13,74,209
प्रदेश का कुल मतदान प्रतिशत: 80%
प्रमुख जिलों का मतदान प्रतिशत
कुल्लू — 86%
सिरमौर — 85%
सोलन — 84%
मंडी — 81%
शिमला — 81%
ऊना — 80%
बिलासपुर — 79%
चंबा — 78%
कांगड़ा — 76%
किन्नौर — 76%
हमीरपुर — 75%
लाहौल-स्पीति — 69%
यह आंकड़े दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में मतदाताओं के उत्साह और ग्रामीण लोकतंत्र में बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं।







