एप्पल न्यूज़, शिमला
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 13 एवं 14 जून 2026 को बिलासपुर के लुहणू स्थित लुहणू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सिंथेटिक ट्रैक पर हिमाचल प्रदेश राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 450 एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
चैंपियनशिप में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्गों के बालक एवं बालिका वर्ग के अलावा पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए करीब 40 तकनीकी अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे।

प्रतिभागी खिलाड़ियों का पंजीकरण 12 जून को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता का पहला इवेंट 13 जून को सुबह 6 बजे आरंभ होगा, जबकि खिलाड़ियों की पहली कॉल सुबह 5 बजे की जाएगी। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का आयोजन 13 जून को प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के पूर्व खेल मंत्री ठाकुर राम लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसके प्रदर्शन के आधार पर 13 से 16 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली नॉर्थ ज़ोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। वहीं, प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान आयोजन स्थल पर तैनात रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना, चोट, बीमारी, जीवन-हानि अथवा संपत्ति के नुकसान के लिए संघ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उत्तरदायी नहीं होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अधिकारी, स्वयंसेवक एवं विक्रेता अपनी स्वयं की जिम्मेदारी एवं जोखिम पर भाग लेंगे।
यह जानकारी हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स संघ के महासचिव सी. पी. मेहता ने प्रदान की।






