एप्पल न्यूज़, चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में वीरवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुखरी-मसरूंड मार्ग पर माणी जीरो के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो (एचपी-01सी-2581) में ग्राम पंचायत महल के सपरोठ गांव के छह स्थानीय निवासी तथा चालक सवार थे।
इनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छतरूंड के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंची। तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई की अत्यधिक गहराई के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी सात शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और सपरोठ गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की वजह, सड़क की स्थिति तथा किसी संभावित तकनीकी खराबी के पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा संवेदनशील मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।







