एप्पल न्यूज़, चंबा
जिला चंबा के बैरागढ़ पटवार सर्किल के अंतर्गत चालूंज मोड़ के पास शनिवार सुबह एक शर्मा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा करीब सुबह 7:15 बजे हुआ। प्रारंभिक सूचना के अनुसार दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।
हादसे के बाद सभी 11 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 6 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटनास्थल पर तत्काल एनडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग के जवानों को शामिल करते हुए सर्च एंड रेस्क्यू टीम रवाना की गई।
रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान में जुटी है। हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान तथा दुर्घटना के कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि घटनास्थल से प्राप्त होने वाली आगे की जानकारी के आधार पर मृतकों और घायलों की संख्या तथा अन्य विवरण साझा किए जाएंगे।
राज्यपाल ने चंबा बस हादसे में सात लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के पास हुई बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने चंबा जिले में बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस बस दुर्घटना में घायल 11 लोग उपचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधान सभा अध्यक्ष ने जिला चम्बा में हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया।
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आज सुबह जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र में बैरागढ़ से चम्बा की ओर आ रही निजी बस ‘शर्मा कोच’ के चालुंज नामक स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त होने पर अत्यन्त गहरा दु:ख प्रकट किया है। गौरतलब है कि इस भीषण सड़क हादसे में बस अचानक अनियंत्रित होकर चालुंज मोड़ के पास पलट गई और सीधे नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि इसमें मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।
विधान सभा अध्यक्ष ने घटना का तुरन्त संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे को युद्व स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि घटनास्थल पर तुरन्त मदद पहुँचाई जाए और सभी घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलव्ध करवाई जाएं।
अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यन्त विनाशकारी तथा बेहद दु:खद थी जिसका शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता । पठानियां ने आमजन से आग्रह किया कि बरसात के इस मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा तभी सफर करें यदि आवश्यक हो। उन्होने कहा कि इस तरह की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपना बचाव स्वयं करें।
विधान सभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। पठानियां ने इस हादसे मे मारे गए सभी परिवारों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की परमपिता परमात्मा से शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
शिक्षा मंत्री ने चंबा बस हादसे में सात लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज सुबह चंबा जिले के बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के पास हुई बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक ग्रस्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।






