रामपुर के कराली में HRTC बस हादसा, 20 वर्षीय युवक की मौत, 24 घायल, कल दिन भर ख़राब थी बस शाम को रूट पर भेजी..!


रायशरण के समीप दुर्घटनाग्रस्त हुई बस, खनेरी अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार
रामपुर बुशहर, 9 अक्टूबर। रामपुर उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 8 बजे पुलिस थाना रामपुर के क्षेत्राधिकार में रायशरण नामक स्थान पर हुआ, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस संख्या HP06A-5159 दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में कुल 25 लोग सवार थे। हादसे में कराली गांव के रहने वाले 20 वर्षीय वंश पुत्र सुरेन्द्र की मृत्यु हो गई, जबकि बस में सवार 24 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी), खनेरी में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतक वंश गांव कराली, डाकघर डंसा, तहसील रामपुर, जिला शिमला का निवासी था। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना रामपुर की टीम ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जिला शिमला पुलिस ने युवक की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही, हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News