एप्पल न्यूज़, निरमंड
उपमंडल निरमंड के बागीपुल क्षेत्र में शलूरी नाले के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और निरमंड पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को रात करीब डेढ़ बजे खाई से बाहर निकाला गया।

इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल को एंबुलेंस और दूसरे को पुलिस वाहन के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अमृतपाल के रूप में हुई है, जो पेशे से मोटर मैकेनिक बताया जा रहा है। हादसे में घायल दूसरे व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। निरमंड पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।







