एप्पल न्यूज़, शिमला
कैलाश डिस्ट्रिक्ट फेडरेशन के नवगठित संचालन मंडल की पहली बैठक बुधवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने की। बैठक में निदेशक मंडल के सदस्य कर्म चंद, जयलाल डांटा, प्रेम सिंह, नरेश शर्मा, प्रेम डोगरा, त्रिलोक भलूनी और ललित कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में फेडरेशन की आगामी कार्ययोजना, व्यवसाय विस्तार, रोजगार सृजन, पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी खोलने तथा राशन दुकानों से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिला भर में पेट्रोल पंप के लिए होगा सर्वे
बैठक में शिमला जिला के विभिन्न क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलने की संभावनाओं का सर्वे करवाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो शिमला ग्रामीण, ठियोग, रामपुर, रोहड़ू सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर संभावित स्थानों की पहचान करेगी। कमेटी को करीब एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के साथ आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गैस एजेंसी खोलने की भी तैयारी
फेडरेशन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से गैस एजेंसी लेने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। कमेटी को ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है, जहां गैस की मांग अधिक हो और पर्याप्त संख्या में उपभोक्ता उपलब्ध हों। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नई गैस एजेंसियां खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
घाटे वाली राशन दुकानें होंगी बंद
बैठक में घाटे में चल रही राशन दुकानों की भी समीक्षा की गई। चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को घाटे वाली दुकानों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार उन्हें बंद करने के निर्देश दिए। वहीं, जिन क्षेत्रों में 400 से 500 या इससे अधिक उपभोक्ताओं की मांग होगी, वहां नई राशन दुकानें खोलने पर विचार किया जाएगा।
नई दुकानों के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया। फेडरेशन का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें राशन दुकानें कम से कम नो-प्रॉफिट-नो-लॉस के आधार पर संचालित हों और कर्मचारियों का वेतन, बिजली तथा अन्य खर्च पूरे किए जा सकें।
खाली पद जल्द भरने की तैयारी
फेडरेशन में लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों को भरने पर भी बैठक में चर्चा हुई। विशेष रूप से लेखाधिकारी/अकाउंट्स अधिकारी के पद को जल्द भरने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सरकार से अनुमति लेने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्ति की जाएगी।
इसके अलावा क्लर्क, ड्राइवर, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सहित अन्य रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद इन पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
रोजगार सृजन पर रहेगा विशेष फोकस
चेयरमैन बलदेव ठाकुर ने कहा कि फेडरेशन की आगामी गतिविधियों का उद्देश्य केवल व्यवसाय का विस्तार करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि किसानों, बागवानों और आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नई गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
बैठक में फेडरेशन के सीएस स्टोर सहित किसानों, बागवानों और उपभोक्ताओं से जुड़ी नई गतिविधियों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इनके लिए सर्वे करवाने और आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बलदेव ठाकुर ने कहा कि नवगठित बोर्ड फेडरेशन को मजबूत बनाने, आय के नए स्रोत विकसित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा किसानों, बागवानों और आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






