NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
शिमला जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामपुर में दो युवकों को करीब 18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को उपमंडल रामपुर की डिटेक्शन सेल की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर एमजीएमएससी खनेरी के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों की तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से लगभग 18 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव (23) पुत्र कृपाल, निवासी तहसील मूनक, जिला संगरूर, पंजाब और राहुल (29) पुत्र कृष्ण सिंह, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना रामपुर में FIR संख्या 108/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें माननीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



