सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

माशनू में बागीचे में काम कर रहे व्यक्ति पर भालू का हमला, मुँह नोचा- चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें

एप्पल न्यूज़, मशनू/ रामपुर बुशहर

रामपुर तहसील के माशनू क्षेत्र में सेब के बगीचे में काम करने गए एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। घटना में व्यक्ति के चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की पहचान नरम दास हस्त पुत्र शीशी राम, निवासी ग्राम व डाकघर माशनू, तहसील रामपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 9 बजे की है। नरम दास हस्त अपने सेब के बगीचे में काम कर रहे थे, तभी जंगल की ओर से आए भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को प्राथमिक सहायता दी और उपचार के लिए खनेरी/रामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही माशनू बीट के वन रक्षक और रेंज कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र का निरीक्षण किया। वन विभाग के कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल का कुशलक्षेम भी जाना और परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वन्यजीव संघर्ष नियमावली के तहत प्रभावित व्यक्ति को अनुग्रह राशि (Ex-Gratia Relief) प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


संघर्ष के कारणों का अध्ययन करेगी विशेषज्ञ टीम
मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति और इसके कारणों का तकनीकी अध्ययन करने के लिए विशेष Conflict Study Team क्षेत्र का दौरा करेगी। टीम वन्यजीवों की आवाजाही के पैटर्न, वन गलियारों और संवेदनशील क्षेत्रों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
भालू पकड़ने के लिए पिंजरा, ANIDERS की तैनाती
ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग द्वारा संवेदनशील स्थान पर ट्रैप केज स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों और बगीचों में प्रवेश को रोकने तथा चेतावनी देने के लिए ANIDERS (Animal Intrusion Detection and Repellent System) उपकरण भी तैनात किए जा रहे हैं।
क्षेत्र में सघन गश्त शुरू
वन विभाग की फील्ड टीमों ने माशनू और आसपास के वन क्षेत्रों में सघन गश्त शुरू कर दी है। कर्मचारियों को भालू की गतिविधियों और उसके पदचिह्नों पर लगातार नजर रखने तथा वन्यजीवों को आबादी वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
वन विभाग ने ग्रामीणों और बागवानों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि—
सुबह और शाम जंगल से सटे बगीचों में अकेले जाने से बचें।
वन सीमाओं और रास्तों पर संभव हो तो समूह में आवाजाही करें तथा आवाज, घंटी या सीटी का प्रयोग करें।
बगीचों के किनारों पर घनी झाड़ियों को साफ रखें, ताकि आसपास की दृश्यता बनी रहे।
भालू अथवा किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे उकसाने या हमला करने का प्रयास न करें।
वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल संबंधित बीट गार्ड या वन विभाग के नियंत्रण कक्ष को दें।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News