एप्पल न्यूज़, दतनगर /रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर उपमंडल की ग्राम पंचायत दत्तनगर और भड़ावली पंचायतों की पंचायत समिति सदस्या डिंपल शर्मा ने दत्तनगर और आसपास के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लूहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (फेस-1) के महाप्रबंधक को एक मांग पत्र सौंपा, इसके माध्यम से क्षेत्र में जनहित से जुड़े 13 प्रमुख विकासात्मक कार्यों के लिए जल्द से जल्द राशि स्वीकृत कर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।

पत्र में जिन प्रमुख कार्यों के लिए राशि मांगी गई है, उनमें दत्तनगर स्थित दत्तात्रेय मंदिर की पुरानी कोठी का निर्माण या पुनर्निर्माण करवाना, दत्तनगर क्षेत्र में सीवरेज पाइप लाइन बिछाना, पटवार सर्कल में नए पटवार भवन का निर्माण करवाना और मिल्क प्लांट दत्तनगर से प्रोजेक्ट ब्रिज तक सड़क का निर्माण करना शामिल हैं. इसके साथ ही दत्तनगर में श्मशान घाट का निर्माण करना, सीबीएससी प्राइमरी स्कूल दत्तनगर में स्टेज निर्माण और सेकेंडरी स्कूल में एग्जामिनेशन हॉल बनाने के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान करने की मांग की गई है।

अन्य विकासात्मक कार्यों में शहीद डोला राम पेट्रोल पंप से पीपली धार तक एम्बुलेंस रोड का निर्माण करना, पंचायत के हर वार्ड तथा एसजेवीएन कॉलोनी से मिल्क प्लांट दत्तनगर (एनएच-5) तक स्ट्रीट लाइट लगवाना, कुर्पण खड्ड से दत्तनगर गांव के लिए पेयजल उपलब्ध करवाना, ग्राम विकास समिति भद्राश के लिए बर्तन खरीदना और दत्तनगर में नए आयुर्वेदिक भवन का निर्माण करवाना शामिल है।
पंचायत समिति सदस्या डिंपल शर्मा ने कहा है कि ये सभी कार्य स्थानीय क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े हैं, और इनके पूरा होने से स्थानीय जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।





