लवी मेले में रामपुर बुशहर में 29-30- 31 अक्टूबर को होगा अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

राष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर प्रशासन के तत्वावधान में बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन, रामपुर बुशहर द्वारा 29, 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता पदम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रामपुर बुशहर के खेल मैदान में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष बांका राम भलूनी ने की।
बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा, खेल मैदान की व्यवस्थाओं तथा इसे सफल बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सदस्यों ने प्रतियोगिता को भव्य, व्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए अपने सुझाव रखे तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियों को आपसी समन्वय और सहयोग से निभाने पर जोर दिया।


बैठक में संस्था के अध्यक्ष बांका राम भालूनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर बुशहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक है। मेले के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली यह अखिल भारतीय आमंत्रित वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस आयोजन से स्थानीय युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी तथा रामपुर बुशहर की पहचान खेल गतिविधियों के क्षेत्र में भी और मजबूत होगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के लिए बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाने तथा दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों की सफलता के लिए प्रशासन, आयोजकों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसोसिएशन ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं स्थानीय जनता से 29 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।


बैठक में एसोसिएशन के संयोजक राजेंद्र ठाकुर, महासचिव प्रेम मेहता, सचिव ऋषि रोच, प्रेस सचिव अश्वनी शर्मा, कुलदीप ठाकुर, डीडी कश्यप, वीरेंद्र भलूनी, शिवराम, कुशाल शर्मा, अशोक शर्मा, बहादुर सिंह भलूनी, मोंटी गोयल, केवल राम भलूनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया कि रामपुर प्रशासन के सहयोग, एसोसिएशन के सदस्यों के सामूहिक प्रयासों तथा क्षेत्रवासियों के उत्साहपूर्ण समर्थन से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न होगी और अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के खेल आयोजनों में एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगी। एसोसिएशन ने सभी खेल प्रेमियों से इस आयोजन का हिस्सा बनने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में दिल्ली, इंडियन नेवी, पंजाब स्टेट, पंजाब पुलिस, इंडियन आर्मी, हिमाचल प्रदेश, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट चंडीगढ़ तथा हरियाणा स्टेट की टीमें भाग लेंगी।

🏆 प्रथम पुरस्कार: ₹75,000 + ट्रॉफी
🏆 द्वितीय पुरस्कार: ₹45,000 + ट्रॉफी

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News