रोहित ठाकुर पर छींटाकशी बंद करें सुरेश भारद्वाज और जयराम ठाकुर: कौशल मुंगटा
एप्पल न्यूज़, जुब्बल कोटखाई/शिमला
हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व जिला परिषद् सदस्य कौशल मूँगटा ने भाजपा नेताओं सुरेश भारद्वाज,सुरेश कश्यप और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर छींटाकशी करने के बजाय अपने कार्यकाल और अपनी पार्टी के रिकॉर्ड पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जुब्बल कोटखाई नावर की जनता सब जानती है और क्षेत्र को राजनीतिक स्वार्थों के लिए इस्तेमाल करने की राजनीति अब नहीं चलेगी।कौशल मूँगटा ने कहा कि जयराम ठाकुर और सुरेश कश्यप का जुब्बल-कोटखाई में स्वागत है, लेकिन उन्हें यहां की जनता को यह भी बताना चाहिए कि चेतन बरागटा को छह साल तक पार्टी से बाहर रखने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
उन्होंने कहा कि आज उसी क्षेत्र में आकर राजनीतिक बयानबाजी करने से पहले भाजपा नेताओं को अपना पिछला रिकॉर्ड भी याद रखना चाहिए।जब उन्होंने बागवानों की सब्सिडी बंद करने का काम किया,बागवानी मंत्री एक भी बार क्षेत्र में नहीं आया और पूरी तरह से क्षेत्र को लावारिस छोड़ा गया जो कि स्वयं स्व नरेंद्र बरागटा जी ने अपनी प्रेस कान्फ्रेंस में कहा था ।मूँगटा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुम्मा की कार्टन फैक्ट्री को कौड़ियों के दाम बेच दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के बागवानों को फफूंदनाशक और कीटनाशक दवाइयों पर मिलने वाली सब्सिडी बंद करने का फैसला भी किसानों और बागवानों के हितों के विपरीत था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता यूनिवर्सल कार्टन के मुद्दे पर राजनीति करते रहे, लेकिन अपने कार्यकाल में इसे लागू नहीं कर पाए। जिसको की पूरा करने का काम जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर जी के प्रयासों से हमारी सरकार ने किया ।
शिक्षा के क्षेत्र में रोहित ठाकुर ने प्रदेश को पूरे देश में 21 वे स्थान से पहले स्थान पर लाया जो जयराम ठाकुर और भाजपा को भी ज्ञात है ।उन्होंने स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने कार्यकाल के दौरान लगातार अपनी पदोन्नति का मुद्दा उठाते रहे। मूँगटा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय जुब्बल-कोटखाई में विकास कार्य अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं हुए और क्षेत्र की सड़कों की हालत भी खराब रही।पूरे 5 वर्षों में भाजपा की सरकार में हमारे क्षेत्र में केवल 5 सड़के बनी और पास हुई जो की शर्मनाक था.
उन्होंने कहा कि रोहित ठाकुर जी के कार्यकाल के महज़ साढ़े तीन साल में ही 203 सड़के बनकर पास हो चुकी है जो की अभूतपूर्व है। भाजपा नेताओं को क्षेत्र के विकास पर जवाब देना चाहिए, न कि विकास कार्यों में जुटे मौजूदा जनप्रतिनिधियों पर अनावश्यक टिप्पणियां करनी चाहिए।मूँगटा ने कहा की सुरेश कश्यप PMGSY की सड़को पर श्रेय लेना हास्यास्पद है क्योंकि अगर ऐसा होता तो वो अपने क्षेत्र पच्छाद को एक सड़क तो इस योजना से ला पाते ।
कौशल मूँगटा ने ठियोग-हाटकोटी सड़क का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक चंदा नहीं मिलने के कारण सड़क का काम रुकवाया गया और सीएंडसी कंपनी को क्षेत्र से बाहर जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में हुई देरी और क्षेत्र के लोगों को पेश आई परेशानियों को लेकर भाजपा नेताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सुरेश भारद्वाज पर तंज कसते हुए मूँगटा ने कहा कि उनके कार्यकाल में शिक्षा मंत्री की तुलना में गमलों की चर्चा अधिक होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिमला में करोड़ों रुपये के गमले लगाए गए, लेकिन आज उनमें से कई दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अपनी उपलब्धियों का बखान करने से पहले अपने कार्यकाल में हुए खर्च और विकास कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।
चेतन बरागटा के संदर्भ में कौशल मूँगटा ने कहा कि जयराम ठाकुर को जुब्बल-कोटखाई नावर में कांग्रेस सरकार और कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी के संगठनात्मक प्रदर्शन पर भी विचार करना चाहिए।उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा को जिला परिषद स्तर पर करारा झटका लगा है और क्षेत्र में जिला परिषद की एक भी सीट भाजपा नहीं जीत पाई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि बीडीसी और प्रधान पदों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा है। कौशल मुंगटा ने कहा की वर्तमान में रोहित ठाकुर जी के प्रयासों से कोटखाई में केंद्रीय स्कूल,सब जज कोर्ट,जुब्बल में टीचर ट्रेनिंग संस्थान,हाटकोटी में बी पीएड कालेज,टिककर में बी एड कालेज आए है।
कौशल मूँगटा ने कहा कि जुब्बल-कोटखाई की जनता विकास, बागवानों के हितों और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं पर जवाब चाहती है। भाजपा नेताओं को राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय अपने पिछले कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।



