किन्नौर की 22 पंचायतों को मिली महात्मा गांधी की प्रतिमाएं एवं प्रशस्ति पत्र, टीबी मुक्त पंचायतों को किया गया सम्मानित

एप्पल न्यूज़, रिकांग पिओ

उपायुक्त किन्नौर सुश्री सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय रिकांग पिओ में 4 नवंबर 2026 को जिला किन्नौर की टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित करने के लिए समारोह का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की कुल 22 ग्राम पंचायतों को टीबी उन्मूलन की दिशा में उनके सराहनीय योगदान के लिए तीन श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
स्वर्ण श्रेणी 2 पंचायतों को लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त स्थिति बनाए रखने के लिए महात्मा गांधी की स्वर्ण प्रतिमा, रजत श्रेणी में 10 पंचायतों को रजत प्रतिमा और कांस्य श्रेणी में 10 पंचायतों को महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस समारोह का मुख्य उद्देश्य टीबी उन्मूलन के लिए पंचायतों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच, उपचार तथा मरीजों को उपचार पूरा करने में सहयोग देने में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त किन्नौर ने स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायती राज संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पंचायतों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने टीबी के संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने तथा टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव समाप्त करने पर विशेष जोर दिया।

जिला स्वास्थ्य विभाग ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम जनता से अपील की कि वे टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग दें, संभावित टीबी मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें तथा टीबी मरीजों को पूरा उपचार लेने के लिए प्रोत्साहित करें।

समारोह के दौरान सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने किन्नौर जिले को टीबी मुक्त बनाने तथा देश के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. पुष्प राज ठाकुर तथा चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी किन्नौर डॉ सुधीर सिंह नेगी उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News