इंदिरा मार्केट और सब्जी मंडी का भी किया निरीक्षण, सफाई एवं यातायात व्यवस्था सुधारने पर रहेगा जोर
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के मुख्य बाजार में बिजली और संचार विभागों की तारों के बेतरतीब जंजाल को व्यवस्थित करने के लिए नगर परिषद ने पहल शुरू कर दी है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद अध्यक्ष की अध्यक्षता में विद्युत विभाग, बीएसएनएल, एयरटेल, फास्टवे सहित बाजार में केबल एवं तारें बिछाने वाली विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बाजार में लटक रही अनावश्यक एवं अनुपयोगी तारों को हटाने, उनकी छंटाई करने तथा उपयोग में लाई जा रही शेष तारों को व्यवस्थित ढंग से लगाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी संबंधित विभागों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों ने नगर परिषद को सहयोग देने का आश्वासन दिया।

नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर बाजार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ तारों के जंजाल की समस्या को दूर करना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस कार्य को एक साथ पूरा करना संभव नहीं है, इसलिए इसे चरणबद्ध तरीके से अमलीजामा पहनाया जाएगा। इसके लिए प्रारंभिक कार्ययोजना एवं रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उपलब्ध बजट और संसाधनों के अनुसार कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में कुछ समय जरूर लगेगा, लेकिन अच्छी बात यह है कि इसके लिए पहल शुरू हो चुकी है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कंपनियों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने की अपील की, ताकि इस दौरान बाजार के व्यापारियों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इंदिरा मार्केट और सब्जी मंडी का भी किया निरीक्षण
नगर परिषद अध्यक्ष ने शनिवार को इंदिरा मार्केट, इंदिरा मार्केट पार्किंग तथा सब्जी मंडी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था, रास्तों की स्थिति और सुचारू आवागमन से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया गया। स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों से मिली शिकायतों के आधार पर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारों की संभावनाएं देखी गईं।
सब्जी मंडी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और अन्य जरूरी सुधारों को लेकर संबंधित एपीएमसी विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए सभी जरूरी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है। परिषद का उद्देश्य केवल समस्याओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका स्थायी समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि रामपुर बाजार स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बने। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी विभागों, व्यापारियों और आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है।


















