एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के वन विभाग में प्रशासनिक पुनःसंरचना के तहत एक महत्त्वपूर्ण निर्णय लिया है।
इसके अंतर्गत प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) PCCF (WL), हिमाचल प्रदेश का कार्यालय शिमला स्थित टाल्लांड कार्यालय से स्थानांतरित कर कांगड़ा जिले के धर्मशाला में स्थापित किया जा रहा है।
अब यह कार्यालय CPD KFW परियोजना कार्यालय भवन, धर्मशाला में संचालित होगा।

इसके साथ ही CPD KFW धर्मशाला का कार्यालय, वन्यजीव संभाग (CF WL) धर्मशाला के खाली हुए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।
यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 21 मई 2025 तक कार्यालयों का हस्तांतरण पूर्ण कर लिया जाए।

इस निर्णय की पुष्टि एक अधिसूचना के माध्यम से की गई है, जिसे श्री कमलेश कुमार पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन), हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी किया गया।
अधिसूचना में संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय करते हुए निर्बाध रूप से स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस स्थानांतरण का उद्देश्य विभागीय कार्यों में अधिक सुगमता, प्रभावशीलता एवं समन्वय स्थापित करना है, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।







