एप्पल न्यूज, सुंदरनगर
सुंदरनगर उपमंडल में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने एक महिला से नेट बैंकिंग के माध्यम से करीब 15.33 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता रीना देवी पत्नी जगदीश चंद, गांव अलसू (सुंदरनगर) की रहने वाली हैं।
रीना देवी ने सुंदरनगर पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके फोन और ईमेल पर बार-बार ओटीपी (OTP) आने लगे, जिससे वह चिंतित हो गईं।
इस पर उन्होंने तुरंत अपने बैंक से संपर्क किया, जहां बैंक कर्मियों ने उन्हें ओटीपी शेयर न करने की सलाह दी।
हालांकि 17 जुलाई को अचानक उनकी नेट बैंकिंग सेवा ठप हो गई, जिससे परेशान होकर वे बैंक पहुंचीं। बैंक जांच में सामने आया कि उनका बैंक ऐप फोन से डिलीट हो चुका था।

18 जुलाई को उनके सेविंग अकाउंट से ₹1,34,500 की कटौती हुई, और जब उन्होंने तुरंत बैंक कर्मचारियों से अपने करंट अकाउंट को लॉक करने की अपील की, तो बैंक ने उनकी बात पर समय रहते कार्रवाई नहीं की।
नतीजतन, 19 जुलाई को उनके हार्डवेयर दुकान से संबंधित करंट अकाउंट से ₹13,98,600 की भारी रकम कट गई।
पीड़िता ने बैंक की लापरवाही पर उठाए सवाल
रीना देवी ने आरोप लगाया कि यदि बैंक उनके कहे अनुसार समय पर खाता लॉक कर देता, तो इतनी बड़ी धनराशि की चपत नहीं लगती। उन्होंने बैंक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस जांच जारी
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि साइबर फोरेंसिक की मदद से पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
सावधान रहें!
किसी भी अज्ञात लिंक या ओटीपी को शेयर न करें
बैंकिंग ऐप्स की सुरक्षा को लेकर अपडेट रखें
संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत बैंक व पुलिस को सूचित करें






