एप्पल न्यूज, निरमंड (कुल्लू)
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां भीमडवारी पड़ाव पर तीन भेड़पालक मृत अवस्था में पाए गए।
मृतकों की पहचान पवन देव (28) निवासी ठारवा, डीनू राम (48) निवासी जुआगी और बजारू राम (60) निवासी बसवारी गांव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को तीनों भेड़पालक अपनी करीब तीन दर्जन गुम हुई भेड़-बकरियों को खोजने श्रीखंड महादेव की चोटियों की ओर गए थे।
परिजनों ने सोचा कि भेड़-बकरियों को खोजने में समय लग रहा होगा, लेकिन जब लगातार एक सप्ताह तक उनकी कोई खबर नहीं मिली, तो गांववासी और घर वाले उनकी तलाश में निकल पड़े।

तलाशी के दौरान ग्रामीण जब भीमडवारी पड़ाव पहुंचे, तो वहां एक टेंट के भीतर तीनों भेड़पालक मृत अवस्था में मिले।
इसकी सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें निरमंड लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रीखंड यात्रा मार्ग पर मौसम बेहद कठिन होता है। ऊंचाई अधिक होने से यहां अत्यधिक ठंड, ऑक्सीजन की कमी या खराब मौसम जानलेवा साबित हो सकते हैं।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। जिला परिषद सदस्य पूर्ण ठाकुर ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि तीनों भेड़पालक मेहनतकश परिवारों से संबंध रखते थे और अपने मवेशियों की तलाश में पहाड़ों पर गए थे। प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मदद दिलाने की अपील की गई है।






