एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
एनजेपीसी रामपुर द्वारा 39वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार सुबह दत्तनगर ग्राउंड से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन सुबह 6 बजे शुरू हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग के अनुसार कैथल रोड तक दौड़ लगाकर वापस दत्तनगर ग्राउंड तक पहुंचकर प्रतियोगिता पूरी की।
मिनी मैराथन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों में आयोजित किया गया, जिसमें पुरुष, महिला और बच्चों के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए थे। प्रतिभागियों ने खेल भावना और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मरवाह ने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
मैराथन को वी. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (प्रभारी एवं संविदा) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए परियोजना द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों की अनुशासित एवं सक्रिय भागीदारी की सराहना की।






