पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बढ़त
एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश लोकतांत्रिक मूल्यों, विकास और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की स्पष्ट अभिव्यक्ति है।
चुनाव परिणामों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों ने पारदर्शी, जवाबदेह और विकासोन्मुख राजनीति का समर्थन किया है।

उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की 53 शहरी स्थानीय निकायों में हुए चुनावों में से 29 निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित लगभग 2400 प्रधान और 2300 उप-प्रधान निर्वाचित हुए हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनता के व्यापक समर्थन को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनता द्वारा व्यक्त विश्वास सरकार को अधिक जिम्मेदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के समग्र विकास, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
उन्होंने दोहराया कि जनता की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






