सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

SV&ACB मुख्यालय शिमला में पेश हुए BJP विधायक सुधीर शर्मा, प्रश्नों के दिए टालमटोल जवाब, दस्तावेज उपलब्ध करवाने के लिए मांगा समय

एप्पल न्यूज़, शिमला

धर्मशाला पुलिस थाना SV&ACB में दर्ज एफआईआर संख्या 0006/2026 से संबंधित कथित आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच के सिलसिले में विधायक सुधीर शर्मा शुक्रवार को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) के शिमला स्थित मुख्यालय में पेश हुए। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई विधायक भी मौजूद रहे।
सुधीर शर्मा के साथ सतपाल सिंह सत्ती, आशीष शर्मा, बलबीर वर्मा, त्रिलोक जम्वाल, विपिन परमार, इंद्र दत्त लखनपाल, डॉ. जनक राज और राकेश जम्वाल सतर्कता मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान सुधीर शर्मा और उनके साथ आए भाजपा विधायकों ने मुख्यालय के बाहर मीडिया से भी बातचीत की।


जांच के दौरान सुधीर शर्मा से संबंधित चेक पीरियड में उनकी आय, संपत्तियों, निवेश, भूमि संबंधी लेन-देन और व्यय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की गई। जांच दल ने रक्कड़ स्थित उनके आवास के निर्माण और साज-सज्जा से संबंधित विस्तृत जानकारी भी मांगी।
SV&ACB के अनुसार, जांच अधिकारियों ने मकान निर्माण में शामिल ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं की पहचान, उनके द्वारा किए गए कार्यों की प्रकृति एवं लागत, बिल व इनवॉयस, भुगतान की राशि, भुगतान की तिथियां और भुगतान के माध्यम सहित संबंधित बैंकिंग एवं वित्तीय लेन-देन का पूरा विवरण मांगा। ब्यूरो का दावा है कि पूछताछ के दौरान मकान निर्माण में लगाए गए ठेकेदारों के नाम और अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध नहीं करवाए गए।
ब्यूरो के अनुसार, कई महत्वपूर्ण वित्तीय मुद्दों पर पूछताछ के दौरान दिए गए जवाबों में अपेक्षित विशिष्ट विवरण नहीं मिले, जिसके चलते जांच टीम ने संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध करवाने को कहा है। इन दस्तावेजों के माध्यम से सुधीर शर्मा द्वारा दिए गए स्पष्टीकरणों का बैंकिंग, कराधान, संपत्ति और अन्य वित्तीय अभिलेखों के आधार पर सत्यापन किया जाएगा।
SV&ACB ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है। ब्यूरो के अनुसार जांच पेशेवर, निष्पक्ष और कानून के अनुरूप की जाएगी तथा किसी भी संबंधित व्यक्ति के पद, हैसियत या बाहरी दबाव से प्रभावित नहीं होगी।
इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध करवाए जाने वाले दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी।

Share from A4appleNews:

Next Post

मीमांसा – चिल्ड्रन्स लिटरेचर फेस्टिवल 2026 के चौथे संस्करण का शिमला में हुआ भव्य समापन

Fri Aug 21 , 2026
मीमांसा 2026 का भव्य समापन, पुस्तकों, कहानियों और युवा आवाज़ों के जादू का उत्सव मीमांसा – चिल्ड्रन्स लिटरेचर फेस्टिवल 2026 के चौथे संस्करण का शुक्रवार को ऐतिहासिक गैटी कॉम्प्लेक्स, शिमला में भव्य समापन हुआ। हिमाचल प्रदेश सरकार के भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा कीकली चैरिटेबल ट्रस्ट, शिमला के संयुक्त तत्वावधान […]

You May Like

Breaking News