एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान–2026’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोगली में विद्यार्थियों के लिए संवादात्मक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नगर परिषद रामपुर बुशहर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एसडब्ल्यूएम नियम, 2026, स्रोत पर चार-स्तरीय कचरा पृथक्करण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा जल संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। नगर परिषद की तीन सदस्यीय टीम ने पैम्फलेट एवं पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों को कचरे के सही पृथक्करण, वैज्ञानिक प्रबंधन, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

टीम ने विद्यार्थियों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण तथा जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ भाग लिया और विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि एसडब्ल्यूएम नियम, 2026 का उद्देश्य कचरे को केवल समस्या के रूप में देखने के बजाय उसे एक संसाधन के रूप में प्रबंधित करना है। उन्होंने कहा कि स्रोत पर कचरे का उचित पृथक्करण, जैविक कचरे का वैज्ञानिक उपचार, पुनर्चक्रण योग्य सामग्री की रिकवरी और अवशिष्ट कचरे का उचित निस्तारण प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन के महत्वपूर्ण अंग हैं।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार व्यवहार और संसाधनों के संरक्षण की संस्कृति है।” उन्होंने कचरे का स्रोत पर सही पृथक्करण, जल का विवेकपूर्ण उपयोग तथा पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद रामपुर बुशहर से मनीष ठाकुर एवं उनकी टीम, विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश भलूनी, शिक्षकगण तथा रामपुर एचपीएस के सीएसआर प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




