SJVN के धौलासिद्ध प्रोजेक्ट को ऊर्जा विभाग के अधीन लेने को न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल करें, लुहरी और सुन्नी प्रोजेक्ट पर भी नजर- CM

एप्पल न्यूज़, शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) द्वारा ब्यास नदी पर निर्माणाधीन 66 मेगावाट क्षमता की धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना को प्रदेश सरकार के अधीन लेने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा विभाग को इस संबंध में न्यायालय में शपथ पत्र दायर करने के निर्देश दिए।
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश हित में धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजना की लागत की पहली किस्त का भुगतान करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के लोगों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी और प्रदेश की संपदा एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसजेवीएनएल से लुहरी और सुन्नी जल विद्युत परियोजनाओं को भी अपने अधीन लेने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। ऐसे में धौलासिद्ध के बाद अब लुहरी और सुन्नी परियोजनाओं को लेकर भी सरकार की सक्रियता बढ़ गई है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश को इन परियोजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।


अधिकारियों ने बताया कि 450 मेगावाट क्षमता की शोंगटोंग जल विद्युत परियोजना अगले वर्ष सितंबर तक तीन टरबाइनों की कमीशनिंग के बाद पूरी तरह कार्यशील हो जाएगी। परियोजना से उत्पादित बिजली के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के साथ विद्युत खरीद समझौता (पीपीए) किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पूह-समदो तथा समदो-काजा के बीच निर्माणाधीन 66 केवी ट्रांसमिशन लाइन की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने रंगरिक में निर्माणाधीन 2 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। इस परियोजना में 1 मेगावाट-घंटा (MWh) बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री ने इसे बर्फबारी शुरू होने से पहले कार्यशील बनाने के निर्देश दिए, ताकि सर्दियों के दौरान भी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, एचपीएसईबीएल के अध्यक्ष प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव (विद्युत) आर.डी. नजीम, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, एचपीएसईबीएल के प्रबंध निदेशक आदित्य नेगी, हिमाचल प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक आबिद हुसैन सादिक, निदेशक ऊर्जा शुभ करण सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News