एप्पल न्यूज़, झाकड़ी, 28 सितंबर, 2026
एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में आयोजित हिंदी पखवाड़े का समापन समारोह मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा के प्रति सजगता बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि हिंदी केवल कार्यालयीन कार्यों तक सीमित न रहकर हमारी कार्यशैली एवं दैनिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बने। उन्होंने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की तथा सभी को राजभाषा हिंदी के निरंतर प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विभिन्न विभागाध्यक्षों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देने तथा राजभाषा के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रभावी प्रयोग कार्यालयीन कार्यों की गुणवत्ता एवं आपसी संवाद को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक होगा।
समारोह के अंत में हिंदी पखवाड़े के सफल आयोजन में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




