एप्पल न्यूज, ब्रो रामपुर बुशहर
कुल्लू जिले के विकास खंड निरमंड की ब्रौ पंचायत में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया।
बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक चार मंजिला मकान की छत से नीचे गिर गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान देश लाल गौतम (65 वर्ष) निवासी ब्रौ पंचायत के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे वह रोजाना की तरह अपने घर की छत पर पक्षियों को दाना डालने गए थे। दाना डालने के बाद अचानक छत पर बंदरों का एक झुंड आ धमका।

बंदरों के आक्रामक रवैये से घबराकर गौतम ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चार मंजिला मकान की छत से नीचे जा गिरे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खनेरी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से बंदरों के बढ़ते आतंक पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।







