एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शिमला ने रामपुर क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) को आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
20 मई 2026 को जारी पत्र में जिला नियंत्रक ने बताया कि रामपुर क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की अनुपलब्धता को लेकर समाचार प्रकाशित हुआ है, जिसके चलते स्थानीय लोगों, बागवानों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में पर्यटन सीजन चरम पर है और क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। साथ ही बागवानी गतिविधियां भी जारी हैं, ऐसे में परिवहन और कृषि-बागवानी कार्यों के लिए पेट्रोल और डीजल की निर्बाध आपूर्ति बेहद जरूरी है।

प्रशासन ने IOC के राज्य स्तरीय समन्वयक एवं वरिष्ठ मंडलीय प्रबंधक, कुसुम्पटी शिमला से मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखते हुए रामपुर क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि आम जनता को हो रही असुविधा से बचाया जा सके।






