एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इस चरण में प्रदेश की 1,189 ग्राम पंचायतों में मतदाता अपनी “छोटी सरकार” चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं।
मतदान दोपहर 3 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना शुरू होगी और अधिकांश पंचायतों के परिणाम आज शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, अंतिम चरण में करीब 15 से 17 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 6,615 से अधिक वार्डों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के साथ-साथ पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए भी मतदान हो रहा है।

चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए गए हैं। पहले दो चरणों का मतदान 26 और 28 मई को संपन्न हो चुका है, जबकि आज तीसरे चरण के साथ ग्रामीण लोकतंत्र के इस महापर्व का मतदान चरण समाप्त हो जाएगा।
पंचायतों के प्रतिनिधियों के परिणाम आज घोषित होंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती 31 मई को होगी।
ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रशासन की दिशा तय करने वाले इन चुनावों को प्रदेश की राजनीति का अहम आधार माना जाता है। आज चुनी जाने वाली “छोटी सरकार” आने वाले पांच वर्षों तक गांवों के विकास की कमान संभालेगी।






