एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
विक्टोरिया पुल पर अब 7 फीट से अधिक ऊंचाई वाले वाहन नहीं गुजर सकेंगे। प्रशासन ने इस प्रतिबंध को लागू करने के लिए पुल के दोनों ओर लोहे के एंगल वेल्ड कर दिए हैं, ताकि निर्धारित ऊंचाई से बड़े वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।
यह पुल रामपुर बुशहर को कुल्लू के ब्रौ से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों में से एक है। हालांकि, पुल की चौड़ाई कम होने के कारण यहां अक्सर यातायात बाधित होता रहा है। बड़े और भारी वाहनों के गुजरने से पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम पुल की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने और आम लोगों, विशेषकर पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
अब केवल निर्धारित ऊंचाई सीमा के भीतर आने वाले हल्के और छोटे वाहन ही पुल से गुजर सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे पुल पर जाम की समस्या कम होगी और पैदल आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो सकेगी।







