एप्पल न्यूज़, रोहड़ू शिमला
जिला शिमला के चिरगांव क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुल 3,591 अफीम के पौधे (पॉड सहित) बरामद कर नष्ट किए हैं।
पुलिस थाना चिरगांव की टीम को 17 जून 2026 को गश्त के दौरान चमराड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की गोपनीय सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सेब के पौधों के बीच अवैध रूप से उगाए गए 1,570 अफीम के पौधे बरामद किए गए।

पुलिस ने नमूने कब्जे में लेकर सील किए तथा शेष पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में अभियोग संख्या 56/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 में मामला दर्ज किया गया है।
पहले मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की एक और गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोबारा तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान चमराड़ा के एक सेब बगीचे में खसरा नंबर 702 की भूमि पर अवैध रूप से उगाए गए 2,021 अफीम के पौधे बरामद किए गए। इस मामले में भी नमूने कब्जे में लेकर सील किए गए तथा शेष पौधों को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में अभियोग संख्या 57/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद हुए हैं। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामलों की आगे की जांच पुलिस थाना चिरगांव द्वारा जारी है।






