एप्पल न्यूज़, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व (आपदा प्रबंधन) विभाग ने अधिसूचना जारी कर ठियोग के कांग्रेस नेता दीपक राठौर को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) का सदस्य नामित करने के साथ-साथ उपाध्यक्ष (Vice-Chairperson) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 14 के तहत की गई है।

दीपक राठौर शिमला जिले के उद्देर (कोटिघाट, मटियाना) के निवासी हैं और कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के करीबी नेताओं में भी माना जाता है। राठौर 2017 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उनकी इस नियुक्ति के बाद शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के चयन को लेकर चल रहा गतिरोध भी समाप्त हो गया है। अब दीपक राठौर को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही हरि कृष्ण हिमराल का नाम शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष के लिए तय हो गया है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।







