सुक्खू का गवर्नेंस मॉडल केवल ‘तालाबंदी’ पर आधारित- जयराम ठाकुर

IMG_20260514_180822
previous arrow
next arrow

शिमला ग्रामीण में भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्नेह मिलन कार्यक्रम में बोले नेता प्रतिपक्ष—2027 में कमल खिलाने के लिए एकजुट होकर करें काम

एप्पल न्यूज़, शिमला

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला ग्रामीण के भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों में अभी से जुटने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। शिमला ग्रामीण में आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है और कोई भी क्षेत्र अथवा नेता अपराजेय नहीं होता। ऐसे में शिमला ग्रामीण में भाजपा का कमल खिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ काम करना होगा।
जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास, जनसेवा और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे छोटी इकाई हैं और यहां चुने गए प्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने अपने गृह क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के बाद प्रदेश के कद्दावर नेता और लंबे समय तक वित्त मंत्री रहे ठाकुर कर्म सिंह को भी चुनाव में हराया गया था। इसी प्रकार पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में छह बार से कांग्रेस के कब्जे के बावजूद सुरेश कश्यप ने ब्लॉक समिति सदस्य से विधायक और फिर सांसद तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि मेहनत और जनता के बीच मजबूत पकड़ के बल पर किसी भी राजनीतिक चुनौती को पार किया जा सकता है।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के परिणामों ने शिमला ग्रामीण की जनता के रुझान को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस जनसमर्थन को आगे बढ़ाने और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार विकास को नई गति देगी।
व्यवस्था परिवर्तन’ के नाम पर संस्थान बंद किए: जयराम
प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का गवर्नेंस मॉडल केवल ‘तालाबंदी’ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनता की मांग पर खोले गए करीब दो हजार विकास संस्थानों को बंद कर दिया और इसे ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का नाम दिया।
उन्होंने कहा कि जनता सरकार को आराम करने के लिए नहीं, बल्कि विकास कार्यों के लिए चुनती है। आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में विकास के बजाय राजनीतिक खींचतान और गुटबाजी हावी है।
जयराम ठाकुर ने शिमला ग्रामीण के स्थानीय विधायक को मंत्री बनाए जाने का जिक्र करते हुए भी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में गुटबाजी का असर इस स्तर तक है कि शिमला ग्रामीण के मंत्री को स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर मुख्य अतिथि तक नहीं बनाया गया, जबकि मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले विधायकों को झंडा फहराने की जिम्मेदारी दी गई।
सरकार की परवाह किए बिना जनता के काम करें’
नेता प्रतिपक्ष ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने अधिकारों और शक्तियों का पूरी तरह इस्तेमाल करते हुए जनता के काम में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार के रुख की परवाह किए बिना जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की समस्याओं को उठाना चाहिए और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों की गति को दोगुना किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिमला ग्रामीण में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए अभी से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान, शिमला ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी रहे रवि मेहता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share from A4appleNews:

Next Post

29 मेगावाट पावर प्रोजेक्ट से प्रभावित गांवों को LADA फंड व रोजगार न मिलने पर राजस्व मंत्री ने जताई नाराजगी

Sun Aug 9 , 2026
कंपनी को तुरंत LADA फंड जारी करने, प्रभावित लोगों को रोजगार देने और टनल रिसाव की समस्या दूर करने के निर्देश एप्पल न्यूज़, शिमला राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज शिमला में गुडविल एनर्जी एंटरप्राइजेज कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रामपुर उपमंडल के सुरू गांव […]

You May Like

Breaking News