सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

रामपुर में 11 से भिड़ेंगे वन विभाग के 1000 खिलाड़ी, 124 इवेंट्स 32 खेलों में भिडेंगे, CM वर्चुअली करेंगे शुभारम्भ


एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर

11 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली वन विभाग की राज्य स्तरीय 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के लिए रामपुर पूरी तरह तैयार है। तीन दिनों तक वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को शिमला से ऑनलाइन माध्यम से करेंगे।
वीरवार को अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने प्रेस वार्ता में प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि वनों की रक्षा में जुटे कर्मचारी और कार्यालयी कार्यों में व्यस्त रहने वाले अधिकारियों को खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।


उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में वन विभाग के करीब 1000 अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे। इस दौरान 124 इवेंट्स के तहत 32 खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के लिए कॉलेज ग्राउंड पाटबंगला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर का खेल मैदान और दत्तनगर खेल मैदान का चयन किया गया है।
सीबी ताशीलदार ने बताया कि करीब 23 वर्ष के अंतराल के बाद रामपुर वन वृत्त को इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने का अवसर मिला है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए विभाग की थीम “Swift in Sports, Devoted in Duty” को कायम रखने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत मैदानों और आयोजन स्थलों की व्यवस्था को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों ने करीब एक सप्ताह तक श्रमदान किया। पत्रकार वार्ता में डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ आनी हरदेव नेगी और एसीएफ पब्लिसिटी देवेंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।
एक माह से तैयारियों में जुटे वन कर्मी
सीबी ताशीलदार ने बताया कि राज्य स्तरीय खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए रामपुर वन वृत्त के वन कर्मचारी और अन्य स्टाफ पिछले एक माह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। मैदानों के रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत की है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों में जुटे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News