मेडिकल कॉलेज के लिए प्रदेश सरकार ने दिए 450 करोड़, भाजपा का कोई योगदान नहीं : मुख्यमंत्री
एप्पल न्यूज़, नादौन /हमीरपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को SJVN से वापस लेगी और इसके लिए 800 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में इनसे समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र में 31.19 करोड़ रुपये की लागत से ब्यास नदी पर बनने वाले 250 मीटर लंबे साधूड़ा पत्तन डबल लेन पुल के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पुल पर पैदल चलने के लिए फुटपाथ भी बनाया जाएगा। यह पुल नादौन के डोबर कलां गांव को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के सिलाह गांव से जोड़ेगा। इससे नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों की 15 ग्राम पंचायतों के 30 हजार से अधिक लोगों के साथ-साथ सुजानपुर क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल के निर्माण से दोनों क्षेत्रों के बीच सीधा सड़क संपर्क स्थापित होगा, जिससे लोगों और वाहनों की आवाजाही सुगम होने के साथ यात्रा दूरी और समय में भी कमी आएगी। इससे क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मेडिकल कॉलेज को लेकर अनुराग ठाकुर के दावों पर सवाल
मुख्यमंत्री ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा किए जा रहे दावों को सही नहीं बताया। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज भाजपा की परियोजना नहीं है, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में इसे मंजूरी मिली थी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी 2014 को मेडिकल कॉलेज की अधिसूचना जारी हुई थी और उस समय केंद्र सरकार ने इसके लिए 180 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।
उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए वन स्वीकृति हासिल करने में भूमिका निभाई। अब मेडिकल कॉलेज को दो माह के भीतर पूरा कर क्रियाशील किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसके निर्माण पर केंद्र से कोई सहायता नहीं मिली और प्रदेश सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में उत्तर भारत का पहला कैंसर संस्थान भी स्थापित किया जा रहा है। जापान के सहयोग से करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संस्थान के अलावा सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत कर रही है। सभी मेडिकल कॉलेजों में AIIMS दिल्ली की तर्ज पर करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड लैब स्थापित की जा रही हैं। इनमें एक ही सैंपल से 1,200 तक जांचें करने की सुविधा उपलब्ध होगी।

नादौन में अक्टूबर में शुरू होगा स्पोर्ट्स सेंटर
सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी और हमीरपुर को शिक्षा राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है। नादौन में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज तथा हमीरपुर में प्रदेश का पहला साइंस कॉलेज स्थापित किया जा रहा है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नादौन में स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्पोर्ट्स स्थापित किया जा रहा है, जिसका अक्टूबर में उद्घाटन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में 150 करोड़ रुपये की लागत से सुख आश्रय परिसर बनाया जा रहा है। नादौन में ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपये की लागत से रिवरफ्रंट विकसित किया जा रहा है, जहां ब्यास आरती भी शुरू की जाएगी। अमतर के समीप जल्द एक और पुल का निर्माण किया जाएगा तथा जिले की सड़कों को डबल लेन में बदलने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए 23 हजार से अधिक मकानों के प्रभावित परिवारों को प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से वित्तीय सहायता 1.50 लाख से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपये की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का विचार भी नादौन से ही आया था। इसके बाद राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों से गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीद रही है तथा भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है। धगवार में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जो इस वर्ष के अंत तक शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने प्रदेश की निर्वाचित सरकार को गिराने का प्रयास किया, लेकिन जनता सरकार के साथ मजबूती से खड़ी रही। उन्होंने स्थानीय पंचायत में पंचायत भवन एवं सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने साधूड़ा पत्तन पुल के शिलान्यास को नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका था। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह पुल दोनों क्षेत्रों के बीच महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी साबित होगा।
कार्यक्रम में विधायक कमलेश ठाकुर, HPBOCWWB के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, OBC के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, मंडल अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




