पेंशनरों की आवाज गांव-गांव पहुंचाने को रामपुर से जन जागरण अभियान शुरू
एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति ने पेंशनरों की लंबित देनदारियों और अधिकारों को लेकर प्रदेशव्यापी जन जागरण अभियान के तृतीय चरण की शुरुआत शिमला जिला के रामपुर बुशहर से की। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर पेंशनरों को उनके अधिकारों और सरकार से लंबित देय राशि के भुगतान की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
रामपुर के मिनी सचिवालय में ब्लॉक इकाई की बैठक प्रधान बुद्धि सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 157 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी और जिला शिमला संयोजक मोहन ठाकुर भी मौजूद रहे।

भूपराम वर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को बिलासपुर में प्रदेश के 18 विभिन्न संगठनों की राज्य स्तरीय बैठक प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में हुई थी। बैठक में प्रदेशभर में जन जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। इसी निर्णय के तहत तृतीय चरण की शुरुआत रामपुर से की गई है।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज किया जाएगा। साथ ही गांव और पंचायत स्तर पर छोटी समितियां गठित कर जन जागरण अभियान को गति दी जाएगी, ताकि पेंशनरों की लंबित मांगों और अधिकारों की आवाज प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।

भूपराम वर्मा ने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर ठियोग में पेंशनर संघर्ष संकल्प दिवस मनाया जाएगा। इसमें शिमला जिला के सभी ब्लॉकों के पदाधिकारी भाग लेंगे।
बैठक में 23 सितंबर की प्रेस वार्ता में शिक्षक के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। समिति ने कहा कि इस मामले को लेकर आगामी समय में घेराव किया जाएगा।
बैठक में अमोलक राम, मान दास बुशैहरी, राजेंद्र ठाकुर, ज्ञान चंद बलैई, मदन बुशैहरी, लायक राम नेगी, जन्मदेव शर्मा, बुद्धि सिंह मेहता, शकुंतला देवी, पार्वती देवी, रतन दास, प्रेम दास, कैलाश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।




