एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं जननायक स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की जन्मस्थली सराहन में आगामी 18 अक्टूबर 2026 को उनकी भव्य प्रतिमा (मूर्ति) का अनावरण होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक एवं गरिमामयी आयोजन की तैयारियों तथा ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ की समीक्षा के लिए आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री लाल चंद शर्मा जी ने विभिन्न ज़ोन का दौरा किया और कार्यकर्ताओं व जनसाधारण के साथ विशेष समीक्षा बैठकें कीं।
आज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत तीन ज़ोन का किया दौरा
- सराहन ज़ोन
- दोफदा ज़ोन
- गोरा जोंन

बैठकों के दौरान ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के अंतर्गत संगठन की मजबूती, बूथ कमेटी और पंचायत कमेटियों के गठन एवं पुनर्गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ब्लॉक अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि संगठन को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए हर बूथ और पंचायत स्तर पर ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को ज़िम्मेदारी सौंपी जाए।
18 अक्टूबर के कार्यक्रम हेतु विशाल जन-आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री लाल चंद शर्मा जी ने क्षेत्र की जनता एवं कार्यकर्ताओं से भावुक अपील करते हुए कहा:
“स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि आधुनिक हिमाचल के शिल्पकार और हम सभी के महबूब जननायक थे। 18 अक्टूबर को उनकी पावन जन्मस्थली सराहन में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। यह हम सभी के लिए एक अत्यंत गर्व और भावुक क्षण है। मैं क्षेत्र के सभी नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विनम्र अपील करता हूँ कि 18 अक्टूबर को सराहन में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपने प्रिय जननायक को भावभीनी और सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।”
इस दौरान स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों, ज़ोन प्रभारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भारी संख्या में निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।



