एप्पला न्यूज़, ऊना
हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स , संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया), ने प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और पत्रकारों के हितों को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। ऊना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए विभिन्न पत्रकारों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार पहले चरण में किया गया है। संगठन की कार्यकारिणी के दूसरे चरण की सूची 16 नवंबर को जारी करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ और नियुक्तियां की जानी बाकी हैं, ताकि हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों में संगठन को प्रभावी ढंग से सक्रिय किया जा सके। संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और पत्रकारिता के क्षेत्र में सकारात्मक एवं रचनात्मक वातावरण तैयार करना है।
सात पत्रकारों को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार के तहत सात पत्रकारों को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनमें सुमीत शर्मा (सोलन), जग मोहन शर्मा (शिमला), शशि भूषण पुरोहित (कुल्लू), सुभाष झंडूता (बिलासपुर), पंकज कतना (ऊना), निष्पक्ष भारती (हमीरपुर) और प्रीति मुकुल (शिमला) शामिल हैं। इन सभी पदाधिकारियों से उम्मीद जताई गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पत्रकारों को संगठन से जोड़ने और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

अन्य पदाधिकारियों को भी सौंपी जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य द्वारा जारी सूची के अनुसार, संगठन के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में डॉ. रणेश राणा (सोलन) और प्रदेश महासचिव के रूप में डॉ. रूप किशोर ठाकुर (सोलन) को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गोपाल दत्त शर्मा (सिरमौर) को प्रदेश संगठन महामंत्री तथा सुनील शर्मा (बिलासपुर) को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में मुकेश रमौल (पांवटा साहिब, सिरमौर) और राम पाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अतिरिक्त अमित डोभाल (सोलन), राम स्वरूप (कांगड़ा) और नवीन सूद (सोलन) को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। स्पर्श शर्मा (ऊना) को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।

पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर काम करेगा संगठन
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि सभी साथी आपसी समन्वय, एकजुटता और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स का उद्देश्य प्रदेश के पत्रकारों को एक साझा मंच उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं को संबंधित सरकार एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से रखना है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनसमस्याओं को समाज एवं सरकार तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक एवं आर्थिक हितों और कल्याण से जुड़े विषयों पर संगठित प्रयास करना समय की आवश्यकता है।
जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में संगठन का विस्तार कर अधिक से अधिक पत्रकारों को इससे जोड़ा जाएगा। आगामी चरण में शेष नियुक्तियां भी की जाएंगी, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद सभी पदाधिकारी पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे और हिमाचल प्रदेश में पत्रकार हितों की आवाज को और बुलंद करेंगे।



