एप्पल न्यूज, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर को जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। एचपीएमसी के निदेशक भूपेश धीमान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि रामपुर को जिला बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और क्षेत्र के लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि आओ मिलकर हाथ मिलाओ, मतभेद भुलाओ और रामपुर को जिला बनाओ के संकल्प के साथ इस मांग को बुलंद किया जाए।
भूपेश धीमान ने कहा कि रामपुर बुशहर के लोग लंबे समय से इस उम्मीद के साथ गौरवान्वित महसूस करते आए हैं कि एक दिन रामपुर को जिला बनाने का सपना जरूर साकार होगा। वर्ष 2016 से यह मांग उठाई जा रही है। अब प्रदेश सरकार ने जिला बनाने की आवश्यकता सहित विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के लिए आयोग का गठन किया है। आयोग अपनी रिपोर्ट देगा, लेकिन इस दिशा में जनता की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को अपनी आवाज मजबूती से उठानी चाहिए और इस अवसर को गंवाना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से रामपुर एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु है। रामपुर का संपर्क आसपास के कई क्षेत्रों से है। कुल्लू जिले का आउटर सिराज क्षेत्र, आनी और करसोग सहित किन्नौर के निचले क्षेत्र रामपुर से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा रोहड़ू का कुछ हिस्सा भी रामपुर से जुड़ता है। ऐसे में रामपुर को जिला बनाने की मांग को भौगोलिक परिस्थितियों और लोगों की जरूरतों के दृष्टिगत गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।
विधायक के नेतृत्व में उठाएंगे आवाज
भूपेश धीमान ने कहा कि रामपुर के विधायक के नेतृत्व में जिला बनाने की मांग को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके लिए अन्य क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि सभी को साथ लेकर एक बुलंद आवाज उठाई जा सके। उन्होंने कहा कि जनता को जागरूक करने के लिए विशेष मुहिम चलाई जाएगी। इस मांग को किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित रखने के बजाय पूरे क्षेत्र के हितों से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
वित्तीय स्थिति से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार का समय नहीं है, बल्कि वर्तमान सुक्खू सरकार ने जिला बनाने के विषय पर अध्ययन के लिए आयोग गठित किया है। आयोग विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रहा है। ऐसे में सभी पक्षों को अपनी मांग मजबूती से सामने रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समय के साथ क्षेत्र की जरूरतें भी बदलती हैं। रामपुर को जिला बनाने की मांग भी क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़ी है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। उन्होंने कहा कि रामपुर के विकास और जिला बनाने की मांग को लेकर जनजागरण जरूरी है, ताकि क्षेत्र के लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंच सके।
पत्रकार वार्ता में मशनु के प्रधान योगेश चौहान
और कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव प्रताप गुप्ता भी मौजूद रहे।



