शोघी में 36 ग्राम चिट्टा मामले में रामपुर बुशहर के 3 आरोपी युवा गिरफ्तार

डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के विश्लेषण से सामने आई संलिप्तता; नशे की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
एप्पल न्यूज़, शिमला

शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में 36 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31), तीनों निवासी रामपुर, जिला शिमला, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना पश्चिम, शिमला में अभियोग संख्या 217/2026 के तहत ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया था। शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई। इस दौरान बस के ऊपर वाले रैक में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से लगभग 36 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। मौके पर बैग का मालिक नहीं मिलने के कारण पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने अविनाश कपूर को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया, जबकि विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को 19 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने रामपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में चिट्टे की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच के लिए अन्वेषण जारी है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share from A4appleNews:

You May Like

Breaking News