शादी समारोह के बाद दलोज से घर लौट रहे थे पांचों लोग, पशाड़ा कैंची के समीप खाई में गिरी ऑल्टो कार
एप्पल न्यूज़, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप सोमवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति एक ही गांव जगोचा, खनेरी (रामपुर बुशहर) के निवासी थे। मृतकों की पहचान रामानंद, ओम प्रकाश और हमेंद्र के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑल्टो कार (HP-92-0132) में सवार पांचों लोग सुंडा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दलोज से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अलसुबह करीब पांच बजे पशाड़ा कैंची के समीप कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी रामपुर रमेश नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी पांचों लोग शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

















