IMG-20251108-WA0021
previous arrow
next arrow

हिमाचल कांग्रेस वीर सैनिकों के सम्मान में 30 मई को शिमला में करेगी ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन

IMG-20251111-WA0008
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज, शिमला

उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी 30 मई, 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत वीर सैनिकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम ‘जय हिन्द सभा’ का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम पीटरहॉफ होटल में प्रातः 10 बजे आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के संदर्भ में एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अजय माकन एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से पूर्व सैनिक भी भाग लेंगे।
उप-मुख्य सचेतक ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के उन वीर सैनिकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1962, 1971 और कारगिल युद्ध में प्रदेश के सैनिकों ने अद्वितीय योगदान दिया। हिमाचल प्रदेश के वीर सैनिक हमेशा से ही देश की सरहदों और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देते आए हैं।

पहले परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद मेजर सोमनाथ भी हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते थेे। हाल ही में शहीद हुए सूबेदार पवन सिंह जरियाल ने भी देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए।
उप-मुख्य सचेतक ने बताया कि हिमाचल प्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है जो शहीद सैनिकों के परिजनों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है।

इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा भर्ती एवं पदोन्नति के मामलों में पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा, को-ऑपरेटिव बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हाल ही में केन्द्र सरकार के समक्ष हिमालयन रेजीमेंट के गठन की मांग रखी है।

हिमालयन रेजीमेंट के गठन से प्रदेश के युवाओं को सेना में अपनी सेवाएं प्रदान करने के और अधिक अवसर मिलेंगे और उनकी पहाड़ी क्षेत्रों में युद्ध करने की स्वाभाविक क्षमता का सही उपयोग हो सकेगा।

केवल सिंह पठानिया ने बाद में पीटरहॉफ होटल के परिसर का दौरा भी किया, जहां जय हिन्द सभा का आयोजन किया जाएगा।

Share from A4appleNews:

Next Post

कांग्रेस सरकार की नाकामियों और भ्रष्टाचार पर हिमाचल भाजपा का कड़ा प्रहार, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Wed May 28 , 2025
एप्पल न्यूज, शिमला भाजपा हिमाचल प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से राजभवन में मिला, उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन और समस्त सांसद, विधायक उपस्थित रहे।भाजपा हिमाचल प्रदेश […]

You May Like

Breaking News