सभी प्रदेशवासियों को.jpg
previous arrow
next arrow

शिमला के रिज पर “राजा साहब” की प्रतिमा का अनावरण आज, सोनिया गाँधी सहित बड़े नेता पहुंचे

8.6.26 SJVN CORP AD HINDI
previous arrow
next arrow

एप्पल न्यूज़, शिमला

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आज प्रदेश के छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और प्रतिमा का अनावरण करेंगी।

सोनिया गांधी सोमवार शाम शिमला पहुंच चुकी हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। रिज मैदान को विशेष रूप से सजाया गया है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

वीरभद्र सिंह को हिमाचल प्रदेश की राजनीति का “राजा साहब” कहा जाता था। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में राज्य के विकास को नई दिशा दी। उनकी याद में बनाई गई यह प्रतिमा न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का प्रतीक होगी, बल्कि हिमाचल की जनता के प्रति उनके योगदान का स्थायी स्मारक भी बनेगी।

अनावरण समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। बड़े स्तर पर होने वाले इस आयोजन के मद्देनज़र प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं।

एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिमला शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
पहला सेक्टर रिज मैदान से वाया आईजीएमसी-संजौली, दूसरा चर्च से वाया शिवालिक होटल, तीसरा स्कैंडल प्वाइंट से तिब्बती मार्केट, चौथा मालरोड से लोअर बाजार-लिफ्ट और पांचवां टक्का बेंच से जाखू क्षेत्र तक रहेगा।
इन सभी सेक्टरों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, साथ ही सिविल ड्रेस में भी जवानों को तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

पार्किंग और ट्रैफिक की विशेष योजना

कार्यक्रम के दिन शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक की विशेष योजना बनाई है।

सोलन और बिलासपुर की ओर से आने वाली छोटी गाड़ियों को टूटीकंडी नगर निगम पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

इन क्षेत्रों से आने वाले मल्टी एक्सेल वाहनों और टेंपो ट्रैवलर को सीएमपी पर यात्रियों को उतारने के बाद आईएसबीटी से कनलोग मार्ग के बीच पार्क किया जाएगा।

ऊपरी शिमला से आने वाले वाहनों को संजौली बाइपास पर कॉलेज के नीचे ओवरब्रिज के पास रोका जाएगा। यात्रियों के उतरने के बाद ये वाहन चलौंथी में पार्क होंगे।

ढली टनल से आने वाले छोटे वाहनों को नवबहार से छोटा शिमला के बीच पार्क किया जाएगा।

जुन्गा की तरफ से आने वाले वाहनों को खलीनी से आईएसबीटी जाने वाली सड़क पर पार्क करने की व्यवस्था की गई है।

मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस तैनाती

भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने सभी प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेडिंग और पार्किंग संकेतक (साइन बोर्ड) लगाए हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

तैयारियों का जायजा लिया

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, जिला उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और एसएसपी संजीव गांधी ने भी सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन की समीक्षा की।

रिज मैदान पर प्रतिमा के अनावरण को लेकर मंच तैयार हो चुका है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शिमला पहुंचने की संभावना है, ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों मोर्चों पर पूरी तैयारी कर ली है।

Share from A4appleNews:

Next Post

सोनिया गांधी ने किया वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, प्रियंका बोली- देश को आज वीरभद्र, नेहरू और गांधी जैसे नेताओं की जरूरत

Mon Oct 13 , 2025
एप्पल न्यूज, शिमला हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अनावरण किया। इस अवसर पर उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में […]

You May Like

Breaking News