एप्पल न्यूज, शिमला
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अनावरण किया।
इस अवसर पर उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत वीरभद्र सिंह को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह, कांग्रेस नेता सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा, राजीव शुक्ला और राज्य प्रभारी रजनी पाटिल सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

प्रियंका गांधी बोलीं – वीरभद्र सिंह नेहरू के शिष्य थे, जनता के सच्चे नेता
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि “वीरभद्र सिंह जनता के सच्चे नेता थे। मुख्यमंत्री रहते हुए भी उन्होंने कभी अपनेपन की भावना नहीं छोड़ी और आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनीं।”
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह पंडित जवाहरलाल नेहरू के शिष्य रहे जिन्होंने आदर्श राजनीति और सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाया। प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “आज देश को वीरभद्र सिंह, नेहरू और महात्मा गांधी जैसे समर्पित नेताओं की आवश्यकता है, न कि सोशल मीडिया और इवेंटबाज नेताओं की।”
उन्होंने हिमाचल की आपदा सहायता को लेकर केंद्र सरकार पर भेदभाव के आरोप लगाते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री सुक्खू ने बार-बार केंद्र से आर्थिक मदद की मांग की है, लेकिन मोदी सरकार ने अब तक सहयोग नहीं किया। भाजपा केवल सत्ता की राजनीति कर रही है।”

मुख्यमंत्री सुक्खू बोले – वीरभद्र सिंह ‘सड़कों वाले मुख्यमंत्री’ के नाम से याद किए जाते हैं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह को जनता “सड़कों वाले मुख्यमंत्री” के रूप में जानती है। उन्होंने प्रदेश के हर गांव तक सड़कें पहुंचाईं और शिक्षा व विकास को जन-जन तक पहुँचाया।
सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह के विकास के विजन को कांग्रेस सरकार आगे बढ़ा रही है। “वीरभद्र सिंह ने कभी किसी बच्चे को शिक्षा से वंचित नहीं होने दिया, एक विद्यार्थी के लिए भी स्कूल खोला,” मुख्यमंत्री ने कहा।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री – आधुनिक हिमाचल के निर्माता थे वीरभद्र सिंह
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह “आधुनिक हिमाचल के निर्माता” थे। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, जबकि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा, “वीरभद्र सिंह का जनता से भावनात्मक रिश्ता था। वह रात 12 बजे तक लोगों की समस्याएं सुनते थे। उन्होंने शिक्षा और महिलाओं के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।”

विक्रमादित्य और प्रतिभा सिंह हुए भावुक
इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी नेताओं और उपस्थित जनसमूह का आभार जताया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह दिन उनके जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण है।
उन्होंने कहा, “वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल की संस्कृति, संघर्ष और जनभावनाओं का प्रतीक है।”

रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम ने न केवल एक लोकप्रिय नेता की स्मृति को अमर किया, बल्कि कांग्रेस के लिए भावनात्मक एकजुटता का भी प्रतीक बना।








